
बलौदा बाजार। नगर पालिका के अध्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को राजनीतिक विवादों के बीच संपन्न हुआ। भाजपा और कांग्रेस के बीच टकराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के लिए अलग-अलग स्थानों पर शपथ ग्रहण की व्यवस्था करनी पड़ी। भाजपा पार्षदों और अध्यक्ष के लिए जिला ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी रही। वहीं, कांग्रेस पार्षदों का शपथ ग्रहण नगर पालिका के सभाकक्ष में हुआ, जिसमें पूर्व विधायक जनक राम वर्मा, कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश यदु और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश ठाकुर उपस्थित रहे।
आमंत्रण पत्र बना विवाद का कारण
इस पूरे घटनाक्रम का केंद्र आमंत्रण पत्र रहा, जिसमें कांग्रेस नेताओं के नाम शामिल नहीं किए गए थे। इसे लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई और प्रशासन पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने जिला ऑडिटोरियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार कर दिया और कलेक्टर से अलग से शपथ ग्रहण कार्यक्रम कराने की मांग की। प्रशासन ने इस मांग को स्वीकार करते हुए नगर पालिका सभाकक्ष में कांग्रेस पार्षदों के लिए शपथ ग्रहण की अलग व्यवस्था की।
एसडीएम ने दिलाई शपथ, कांग्रेस ने लगाया प्रशासन पर पक्षपात का आरोप
बलौदा बाजार एसडीएम अमित गुप्ता ने दोनों स्थानों पर अध्यक्ष और पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भेदभाव किया जा रहा है और कांग्रेस नेताओं की अनदेखी की जा रही है। इस विवाद के चलते बलौदा बाजार का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में भी इसी तरह का भेदभाव जारी रहा तो वे बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे। दूसरी ओर, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि प्रशासन ने सभी पार्षदों को समान रूप से शपथ दिलाई है। नगर पालिका चुनाव के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच यह पहला बड़ा टकराव था, जिसने स्थानीय राजनीति में नए समीकरणों को जन्म दे दिया है।
क्या कहते हैं नेता
ट्रिपल इंजन की सरकार बनी- राजस्व मंत्री
“शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश अब तक डबल इंजन की सरकार थी नगर पालिका में जीतने के बाद अब ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है। उन्होंने विवाद पर कहा कि यह आयोजन प्रशासन का था, जिसमें सभी को शामिल होना चाहिए था।”
समस्या को खत्म करना पहली प्राथमिकता – जैन
नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं को खत्म करना ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी। कांग्रेस के बहिष्कार पर उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस के पार्षदों को आमंत्रण दिया गया था, नहीं आए यह उनकी सोच है। यह मेरा आयोजन नहीं था सरकारी आयोजन था।
दुर्भाग्य जनक स्थिति निर्मित हुई – त्रिवेदी
कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यजनक स्थिति निर्मित हुई है। अभी पार्षदों का और सभी का एक साथ शपथ ग्रहण होना था। लेकिन भाजपा की हठधर्मिता ने यह स्थिति निर्मित की। वे चाहते थे कि सिर्फ भाजपा संगठन के लोग शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो, यह सही बात नहीं है, नगर सभी का है। विकास सभी को मिलकर करना है, समस्या से सभी को मिलकर जूझना है। इस समय में भाजपा ने जो हठधर्मिता रखी उससे यह स्पष्ट होता है कि भाजपा विकास नहीं चाहती।
Author: Deependra Shukla
मैं पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूँ और वर्तमान में Unfearnews में संपादक (Editor) के रूप में कार्यरत हूँ। पत्रकारिता की बारीकियों को समझने और उसे निष्पक्ष व प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का मेरा विशेष अनुभव है। मैंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर से 2012-14 में गोल्ड मेडल के साथ पत्रकारिता में स्नातकोत्तर किया है। इसके बाद ETV, News18, Dainik Bhaskar, NDTV, AajTak जैसी देश की प्रतिष्ठित मीडिया संस्थाओं के साथ काम किया है। हमारा विजन: स्वतंत्र, निष्पक्ष और शोध-आधारित पत्रकारिता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना और जनता तक सत्य, निष्पक्ष एवं गहन विश्लेषण के साथ समाचार पहुंचाना। 📩 संपर्क करें: ✉️[deependrashukla501@gmail.com] 🌐 [unfearnews.com] [LinkedIn https://www.linkedin.com/in/deependra-kumar-shukla-12532689?utm_source=share&utm_campaign=share_via&utm_content=profile&utm_medium=android_app] 📞 [9109341789]










